सदन की कार्यवाही से पहले परिसर में खूब गरमाया माहौल
अटैचियों के साथ विधानसभा पहुंचे भाजपा विधायक
भ्रष्टाचार के आरोपों पर सत्ता पक्ष से आमना-सामना
शिमला, 24 अगस्त।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मौनसून सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का अखाड़ा बन गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से काफी देर तक नारेबाजी होती रही। भाजपा विधायक हाथों में अटैचियां लेकर विधानसभा पहुंचे और सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। इसके जवाब में कांग्रेस विधायक भी तख्तियां लेकर परिसर में उतरे और भाजपा पर हिमाचल के अधिकारों को केंद्र से रुकवाने का आरोप लगाया।
काउंसिल चैंबर के बाहर दोनों पक्षों के विधायक आमने-सामने खड़े रहे और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा ने अटैचियों को प्रतीकात्मक तौर पर इस्तेमाल करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का पैसा अटैचियों में भरकर मुख्यमंत्री कार्यालय और दिल्ली स्थित कांग्रेस नेताओं के कार्यालयों तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के प्रदर्शन को मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और इसकी चर्चा प्रदेश के हर चौक-चौराहे पर हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले कांग्रेस के ही पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती रहे हैं। भारती ने आरोप लगाया था कि मौजूदा सरकार में तीन अटैचियां दिल्ली और दो मुख्यमंत्री कार्यालय तक जा रही हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में किसी सरकार के कार्यकाल में इस तरह का संगठित भ्रष्टाचार नहीं हुआ। उन्होंने कबाड़, धारा 118 , स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग में सप्लाई तथा कलेक्शन सहित कई मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने यह भी दावा किया कि आउटसोर्स कंपनियों में कांग्रेस नेताओं की हिस्सेदारी है और नौकरियां देने से पहले कमीशन लिए जाने की बात सामने आ रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार के चलते प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन चलाना चाहता है और उसने जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए नोटिस भी दिए हैं, लेकिन सरकार सदन की कार्यवाही चलाने से बच रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता सरकार से नाराज है और आगामी पंचायती राज चुनावों में इसका जवाब देगी।
बॉक्स
हिमाचल के हितों से खिलवाड़ कर रही है भाजपा
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष के प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए भाजपा पर हिमाचल के हितों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता प्रदेश के हकों की बात करते हैं, लेकिन दिल्ली जाकर हिमाचल के अधिकारों को रोकने का काम करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के हितों की लड़ाई लगातार लड़ रही है। बिजली परियोजनाओं में प्रदेश की हिस्सेदारी से लेकर वाइल्ड फ्लावर हॉल के मामले तक सरकार ने हिमाचल का हक दिलाने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के प्रदर्शन कर रहा है।अग्निहोत्री ने देश में महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को निराश और बिखरा हुआ विपक्ष बताया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सदन चलाना चाहती है और सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष लगातार सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है। विधानसभा परिसर में तीसरे दिन की कार्यवाही से पहले दोनों पक्षों के प्रदर्शन ने साफ कर दिया कि मानसून सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव आगे भी जारी रहने के आसार है।





