हिमाचल विधानसभा में राष्ट्र गान और राष्ट्र गीत पर चल रहा गतिरोथ खत्म
विपक्ष की नारेबाजी और वॉकआउट के बीच हुआ प्रश्नकाल
विधानसभा के सत्र की शुरूआत राष्ट्र गान और समापन राष्ट्र गीत से होगा: स्पीकर
शिमला, 24 अगस्त।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्र गान और राष्ट्र गीत को लेकर पिछले दो दिनों से जारी गतिरोध सोमवार को खत्म हो गया। गतिरोध समाप्त होने के बाद मौनसून सत्र के तीसरे दिन सदन में प्रश्नकाल के साथ-साथ शून्यकाल व अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रश्नकाल से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से राष्ट्र गान के दौरान सदन की वीडियो क्लीपिंग उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर विपक्ष ने नारेबाजी की। इसके बाद विपक्ष वॉकआउट कर गया। विपक्ष के वॉकआउट के दौरान सदन में प्रश्नकाल जारी रहा।
इससे पहले, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन में व्यवस्था दी कि हिमाचल विधानसभा की कार्यवाही का आरंभ राष्ट्र गान और समापन राष्ट्र गीत के साथ होगा और समापन के मौके पर पूरा राष्ट्रगीत गाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संसद से राष्ट्र गीत को लेकर पारित कानून में यह नहीं कहा गया है कि राष्ट्र गीत पहले गाया जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा की अपनी पंरपराएं और नियम हैं। सदन इन्हीं से चलेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष की राष्ट्र गान के दौरान की क्लीपिंग उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर कहा कि इस बारे में अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सदन में राष्ट्र गान के वक्त सभी सदस्य खड़े थे।
इससे पूर्व, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में राष्ट्र गान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष की ओर से विपक्ष पर राष्ट्रगान के अपमान का गंभीर आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता। लिहाजा पार्टी के विधायकों ने विधानसभा सचिव को लिखित तौर पर राष्ट्र गान की क्लीपिंग उपलब्ध करवाने की मांग की है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से वायदे के मुताबिक इस बारे व्यवस्था देने की बात सदन में कही।
इस पर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि विपक्ष की मंशा सदन से बाहर जाने की है। उन्होंने कहा कि मॉनसून सत्र के पहले दिन भाजपा विधायक विपिन परमार राष्ट्र गान के बाद राष्ट्र गीत के गायर कि जिद्द पर अड़ गए। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि विधानसभा के अपने नियम हैं और अध्यक्ष की व्यवस्था दिए जाने के बाद भी विपक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सदन में वीडियो चलाकर दिखाने की कोई पंरपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और देश के लोग राष्ट्र गान और राष्ट्र गीत को लेकर एक ही भावना रखते हैं। उन्होंने कहा कि सत्र के पहले दिन सदन में राष्ट्र गान के गायन के बाद विपक्ष ने जिस तरीके से राष्ट्र गीत का आग्रह किया, उससे आदर की भावना नदारद प्रतीत हो रही थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र गान, राष्ट्र गीत, राष्ट्रीय ध्वज और संविधान- सभी को इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को प्रदेश में सभी उन सभी जगहों पर, जहां-जहां मंत्रियों के कार्यक्रम हुए, वहां राष्ट्र गीत का गायन भी हुआ है। सदन में विधानसभा अध्यक्ष का फैसला सर्वोपरि है।
इस बीच, विपक्ष के सदस्य सदन में लगातार नारेबाजी करते रहे और विधानसभा अध्यक्ष से उन्हें वीडियो क्लीपिंग उपलब्ध करवाने की मांग करते रहे। इसके बाद सदन में विधानसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल शुरू कर दिया। लेकिन विपक्ष के सदस्य नारेबाजी करते रहे और कुछ देर बाद सदन से बाहर चले गए और प्रश्नकाल की समाप्ति से कुछ समय पहले वापस सदन में लौट भी गए।
- breaking news
- Employment News
- Exclusive News
- General Knowledge
- himachal
- Political News
- Spot News
- Uncategorized











