लाहौल-स्पीति में दर्दनाक हादसा
चलती टाटा सूमो पर गिरी पहाड़ी, 13 लोगों की मौत, 2 बाल-बाल बचे
शिमला, 24 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में उदयपुर–पांगी मार्ग पर कडू नाला के पास चलती टाटा सूमो टैक्सी पर अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग बाल-बाल बाख गए। मृतकों में छह महीने का एक मासूम भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार हादसा लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग से करीब 60 से 70 किलोमीटर दूर कडू नाला के पास हुआ। टाटा सूमो टैक्सी में कुल 15 लोग सवार थे। अचानक पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें वाहन पर आ गिरीं, जिससे गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद वाहन के पिछले हिस्से में आग भी लग गई। मौके पर मौजूद लोगों और सेना के जवानों ने आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वाहन के परखच्चे उड़ते और आग लगी हुई दिखाई दे रही है।
भरमौर-पांगी के विधायक जनक राज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में सवार 15 लोगों में से 13 की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मृतकों में छह महीने का एक बच्चा भी शामिल है, जबकि दो लोग सुरक्षित हैं। विधायक ने कहा कि चंबा और लाहौल-स्पीति के उपायुक्तों से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया गया है। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उदयपुर–किलाड़ मार्ग पिछले दिन बंद होने के कारण वाहन में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को मार्ग खुलने के बाद वे पांगी की ओर रवाना हुए, लेकिन कडू नाला के पास यह हादसा हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सभी मृतक पांगी घाटी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
लाहौल-स्पीति की डीएसपी रश्मि शर्मा ने बताया कि पुलिस को हादसे की सूचना मिलते ही टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह ही मंडी जिले के जोगिंद्रनगर के गुम्मा क्षेत्र में भी भूस्खलन की घटना हुई थी। कुल्लू से सिमसा माता मंदिर जा रहा एक परिवार इसकी चपेट में आ गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदेश में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
- breaking news
- Employment News
- Exclusive News
- General Knowledge
- himachal
- Political News
- Spot News
- Uncategorized








