मिशन रिपीट पर कांग्रेस का मंथन खत्म
राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर ब्लॉक स्तर पर आंदोलन करेगी हिमाचल कांग्रेस
शिमला, 05 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर भाजपा के खिलाफ ब्लॉक स्तर पर आंदोलन करेगी। यह फैसला हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की शिमला में आयोजित दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक के समापन के मौके पर लिया गया। इस बैठक में हिमाचल में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी, संगठन को मजबूत करने और भाजपा के खिलाफ राजनीतिक रणनीति बनाने पर व्यापक मंथन हुआ।
राम मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस के रुख को स्पष्ट करते हुए पार्टी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि पार्टी ने इस मुद्दे पर ब्लॉक स्तर पर बड़ा जनआंदोलन चलाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसके लिए नया नारा भी जारी किया है “देखो भाजपा का यह धंधा, राम नाम का खा गए चंदा।”
जिंटा ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के लोगों ने आस्था के साथ चंदा दिया था, लेकिन उस धनराशि में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में गठित एसआईटी केवल लीपापोती कर रही है और कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती है, ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।
मंथन बैठक के दौरान ‘कांग्रेस कनेक्ट सेंटर’ का शुभारंभ भी किया गया। जिंटा ने कहा कि पार्टी अब मिशन रिपीट 2027 के लक्ष्य के साथ पूरी ताकत से मैदान में उतर रही है।
विनोद जिंटा ने कहा कि कांग्रेस कनेक्ट सेंटर के माध्यम से प्रदेशभर में पार्टी के कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। प्रदेश में होने वाले प्रत्येक संगठनात्मक कार्यक्रम का रिकॉर्ड इस सेंटर में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की ग्रीन, येलो और रेड लेबल प्रणाली को अब पूरी तरह लागू कर दिया गया है, जिसके आधार पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन होगा। इससे संगठन को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाया जाएगा।
जिंटा ने कहा कि बैठक में महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल और एससी सेल सहित सभी फ्रंटल संगठनों की अलग-अलग समीक्षा बैठकें आयोजित की गई। पार्टी ने अगले एक महीने की कार्ययोजना भी तय कर दी है और सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को जनता के बीच उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए जिंटा ने कहा कि भाजपा अब कार्यकर्ताओं की नहीं बल्कि नेताओं की पार्टी बन गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेतृत्व के संकट से जूझ रही है, जबकि कांग्रेस मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट होकर 2027 का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।








