पहाड़ों पर चढ़ने लगा पारा, 19 से फिर लगेगी ब्रेक
पर्यटकों से पहाड़ गुलजार, पर्यटन उद्योग को अभी और गर्मी की उम्मीद
शिमला 17 मई।
हिमाचल प्रदेश में गर्मी एक बार फिर अपने रंग दिखने लगी है। प्रदेश में तापमान में लगातार वृद्धि जारी है। हालांकि राज्य में अभी भी अधिकांश स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में आज 6 प्रमुख स्थान का तापमान 35 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सर्वाधिक 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान ऊना में दर्ज किया गया। इसके अलावा सुंदर नगर में अधिकतम तापमान 36.6, कांगड़ा में 35.9, मंडी में 35.2, नेरी में 37, भुंतर में 33.5, नाहन में 33.5 और शिमला में 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच मौसम मौसम विभाग ने राज्य में फिर से मौसम के तेवर बिगड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 19 मई से प्रदेश में एक बार फिर मौसम खराब होगा और यह सिलसिला 23 मई तक जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलती रहेगी। मौसम विभाग ने इन 5 दिनों के दौरान प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर वर्षा, अंधड़ और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के लिए जारी किया गया है जबकि शेष जिलों में भी इस दौरान वर्षा का पूर्वानुमान है।
इस बीच इन दिनों पहाड़ पर्यटकों से गुलजार हैं। मैदानी इलाकों में पड़ रही जोरदार गर्मी से बचने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों पर घूमने पहुंच रहे हैं। खासकर शिमला, मनाली, डलहौजी, चायल, कुफरी, नरकंडा, फागु, कसौली, किन्नौर, लाहौल स्पीति और खजियार इत्यादि स्थानों पर आजकल पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इससे राज्य के पर्यटन उद्योग में तेजी आई है। हालांकि पर्यटन व्यवसायियों को अभी और गर्मी तपने का इंतजार है ताकि पर्यटकों की आमद में और अधिक वृद्धि हो और सीजन लंबा चले।









