राज्यसभा चुनाव
हिमाचल से राज्यसभा सीट के लिए एकमात्र कांग्रेस के अनुराग ने भरा नामांकन
भाजपा ने नहीं उतरा कोई उम्मीदवार
शिमला, 05 फरवरी।
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की खाली होने जा रही एकमात्र सीट के लिए 16 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए सत्ता दल कांग्रेस ने अनुराग शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने आज शिमला में विधानसभा सचिव के पास अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, आयुष मंत्री यादविंदर गोमा और अन्य नेता मौजूद रहे। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में अपना कोई भी उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। ऐसे में कांग्रेस के अनुराग शर्मा का निर्विरोध चुना जाना तय है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन था। इसी के साथ प्रदेश में राज्यसभा की खाली होने जा रही एक सीट के लिए सत्ता दल कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा की ओर से चल रहा संशय ख़त्म हो गया है।
नामांकन भरने के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू दोपहर बाद प्रत्याशी अनुराग शर्मा के साथ विधानसभा पहुंचे और यहां विधायकों के साथ बैठक कर नामांकन दाखिल करने गए। नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने आम कार्यकर्ता को राज्यसभा का टिकट दिया है जिससे संदेश साफ है कि कांग्रेस में कोई भी आम कार्यकर्ता यहां तक पहुंच सकता है।
भाजपा के उम्मीदवार खड़ा न करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भाजपा उम्मीदवार दे भी देती तो बुरी तरह हारती। क्योंकि सभी 40 कांग्रेस विधायक निष्ठावान व ईमानदार है जो बिकाऊ थे, वह पार्टी छोड़कर पिछली बार ही चले गए हैं।
राज्यसभा के लिए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरने के बाद अनुराग शर्मा ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी का छोटा सा कार्यकर्ता घर वालों के साथ होली मना रहा था। मुझे अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी मुख्यालय से फोन आया बधाई हो, मुझे लगा होली की बधाई है लेकिन जब ये कहा गया कि आप को राज्यसभा उम्मीदवार की बधाई और कागज तैयार करो। यह मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता के लिए बहुत बड़ी बात थी। कांग्रेस पार्टी में किसी भी छोटे से छोटे कार्यकता को मौका मिल सकता है। उन्होंने कहा कि वे राज्यसभा में सबसे पहले आरडीजी व मनरेगा का मुद्दा उठाएंगे। अनुराग शर्मा ने राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकाअर्जुन खड़गे और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु का आभार व्यक्त किया।
बॉक्स
अनुभव और समर्पण को सम्मान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा अनुराग शर्मा को नामित किए जाने के निर्णय को अनुराग शर्मा के लंबे संगठनात्मक अनुभव और समर्पण का सम्मान करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की उस परंपरा को भी दर्शाता है जिसमें जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाता है।
विनय कुमार ने कहा कि अनुराग शर्मा कांग्रेस पार्टी के एक कर्मठ, निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने लंबे समय से संगठन में रहकर पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, संगठनात्मक क्षमता और पार्टी के प्रति ईमानदारी को देखते हुए ही जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा और कुशल नेतृत्व के साथ निभाया।










