हिमाचल में आज और कल बरसेंगे राहत के बदले
मौसम विभाग की प्रदेश के तीन जिलों कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि, अंधड़ और आंधी तूफान का ऑरेंज अलर्ट
सात जिलों चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में ओलावृष्टि, अंधड़ और आंधी तूफान का येलो अलर्ट
शिमला, 14 मार्च।
हिमाचल प्रदेश के लोगों को तपती गर्मी और लंबे समय से चल रहे सुख के दौर से रविवार से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च की रात से हिमालय क्षेत्र में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से 15 और 16 मार्च को राज्य के अधिकांश स्थानों पर वर्षा होगी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, अंधड़, आसमानी बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तूफान चलने और अधिक ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला में 15 और 16 मार्च को राज्य के तीन जिलों कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि, आंधी तूफान, आसमानी बिजली गिरने और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सात अन्य जिलों चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों में भी कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, अंधड़, आसमानी बिजली गिरने तथा आंधी तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मौसम में संभावित इस बदलाव से प्रदेशवासियों को पिछले कई दिनों से खासकर राज्य के मैदानी इलाकों में पड़ रही चिलचिलाती गर्मी से राहत की संभावना है। विभाग के अनुसार 17 मार्च को राज्य में वर्षा संबंधी गतिविधियों में कमी आएगी तथा 18 और 19 मार्च को फिर से राज्य में अधिकांश स्थानों पर वर्षा होने, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, अंधड़ और आंधी तूफान चलने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ऊना आज प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कुकमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शिमला में आज अधिकतम तापमान 22.5 और कुफरी में 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।









